Varanasi News: सीनियर स्मृति हैंडबॉल लोहता के केराकतपुर में खेली जाएगी। प्रतियोगिता में देश के 11 राज्यों के 200 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इसमें कुल 26 मुकाबले होंगे।
यूपी हैंडबॉल एसोसिएशन की ओर से सीनियर स्मृति हैंडबॉल लोहता के केराकतपुर में खेली जाएगी। चार दिवसीय श्याम नारायण पांडेय स्मृति हैंडबॉल प्रतियोगिता में देश के 11 राज्यों के 200 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता में कुल 26 मुकाबले होंगे।
विज्ञापन
उक्त जानकारी यूपी हैंडबॉल संघ के कार्यकारी महासचिव अमित पांडेय ने बृहस्पतिवार दोपहर केराकतपुर स्थित वाराणसी पब्लिक स्कूल में आयोजित पत्रकारवार्ता में दी। उन्होंने बताया कि पहले दो दिन 12-12 मुकाबले खेले जाएंगे जबकि अंतिम दिन सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले होंगे।
यह प्रतियोगिता 17 से 19 नवंबर तक खेली जाएगी। प्रतियोगिता में खेलने के लिए अलग-अलग प्रदेशों की टीमें 16 नवंबर से आनी शुरू हो जाएंगी। इसके साथ ही टीमों का पंजीकरण शुरू होगा। मुकाबले दो पूलों में होंगे। एक टीम को लीग के आठ-आठ मैच खेलने होंगे। पूल की टाॅप टीमों में फाइनल होगा।
विज्ञापन
दूधिया रोशनी में होंगे मुकाबले
मैच सुबह आठ से रात आठ बजे तक खेले जाएंगे। रात्रि के मैच दुधिया रोशनी में होंगे। दोनों कोर्ट पर लाइट का बंदोबस्त कर लिया गया है। उद्घाटन विधायक सुशील सिंह और अंबरीश सिंह भोला करेंगे। विजेता टीम को नकद धनराशि दी जाएगी।