वाराणसी। दीपावली से पहले ही काशी में बने मिट्टी के दीये देश और प्रदेश के अलग-अलग शहरों में भेजे जा रहे हैं। 20 लाख दीये रामनगरी अयोध्या तो 15 लाख से ज्यादा मुंबई, नागपुर भेजे जा चुके हैं। पूर्वांचल के अलग-अलग जिलों में भी 50 लाख से दीये भेजे जा रहे हैं। इसी तरह देव दीपावली पर घाटों को सजाने के लिए भी 70 लाख से ज्यादा दीये तैयार हो रहे हैं।
बनारस में दीये और पूरवा का बड़ा कारोबार है। 10 हजार से ज्यादा कुम्हार दीये बना रहे हैं। कारोबारियों के मुताबिक, दिवाली और देव दीपावली पर दो करोड़ से ज्यादा दीये भेजे जाते हैं। दरेखू के अशोक प्रजापति ने बताया कि दीये की मांग अच्छी है। 50 हजार दीये प्रयागराज और हंडिया भेजे जाने हैं। अभी तक 10 हजार दीये तैयार कर पाए हैं। कुंवर प्रजापति को करीब 10 हजार दीये के ऑर्डर मिले हैं। बेचू प्रजापति ने बताया कि स्वास्तिक चिन्ह वाले दीये की मांग ज्यादा है।
बनारस से दीये बाहर भेजे जा रहे हैं। दिवाली के लिए अयोध्या के अलावा मुंबई, कोलकाता, गोरखपुर, प्रयागराज आदि शहरों में दीये भेजे गए हैं। खूब ऑर्डर मिले हैं। दीये 60 रुपये सैकड़ा मिल रहे हैं। 50 से 200 रुपये सैकड़ा पुरवा, घड़िया तीन से पांच प्रति नग बिक रहे हैं। दिवाली पर ऑनलाइन दीये की भी मांग है। डिजाइनदार दीये भी बिक रहे हैं।