वाराणसी। होली आई रे कन्हाई होली आई रे रंग बरसे सुना दे जरा बासुंरी, आया होली का त्योहार उड़ी रंगो की बौछार, तो कहीं रंग बरसे भीगे चुनर वाली, बलम पिचकारी जो तूने मुझे मारी। लोकगीत और होली के फिल्मी गीतों की जुगलबंदी पर जब महिलाएं थिरकी तो माहौल होली के रंग में रंगा नजर आया। मौका था शनिवार को महिला संगठनों में होली महोत्सव का। जहां पारंपरिक परिधानों में सजी धजी महिलाएं और उनपर चढ़ा होली का खुमार देखते ही बना। रंग-बिरंगे फूलों, रंगीन लाइटों, गुलाल और पिचकारियों से सजा पूरा सभागार होली की मस्ती, उल्लास और उमंग को बढ़ा रहा था।
कैंटोमेंट स्थित होटल में अनन्या क्लब की सदस्याएं जब गुलाबी परिधानों में सजधज कर कार्यक्रम में आई तो चेहरे पर होली का उत्साह साफ-साफ झलक रहा था। कार्यक्रम का शुभारंभ अध्यक्ष पूजा दीक्षित ने सभी सदस्यों के स्वागत की। जिसके बाद मुस्कान और सुचित्रा ने हास्य ड्रामा के जरिए सभी को खूब गुदगुदाया। नम्रता, अदिती, श्रुति और माधुरी ने मोहक नृत्य पेश किया। पल्लवी ओर कविता ने होरी गीत से अपने सुरों से समा बांध दिया। इस अवसर पर पैटरन मीना त्रिवेदी, पूजा मोहले, डॉ. छाया पाठक, प्रो. रचना दूबे, सचिव डॉ. भावना त्रिवेदी, सुजाता, ममता उपाध्याय, डॉ. सरोज उपाध्याय आदि मौजूद रहीं।
अग्रसेन समाज महिला प्रकोष्ठ की ओर से गुरुधाम में आयोजित फाग कार्यक्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच सदस्यों ने एक दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की बधाइयां दी। अध्यक्ष अंजलि अग्रवाल के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में शीला, नीलिमा, अंकिता, वीना गोयल, सलोनी जैन, प्रीति आदि होली गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी। होली त्योहार पर हाउजी, टोपी गेम आकर्षण का केंद्र रहा। इस दौरान संस्था की ओर से दो छात्राओं को साइकल बांटकर होली का तोहफा दिया गया। इस दौरान संगीता अग्रवाल, रेखा अग्रवाल, आशा आदि मौजूद रहे।