वाराणसी। शिक्षक भर्ती के लिए माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड की ओर से जिले में शुक्रवार से दो दिन परीक्षाएं चलेंगी। पहले दिन दो पालियों में होने वाली परीक्षा की पहली पाली (9.30 से 11.30 बजे) में 29 केंद्रों पर 16139 और दूसरी पाली (2.30 से 4.30 बजे तक) में 38 केंद्रों पर 21653 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. विजय प्रकाश सिंह ने बताया कि परीक्षा संबंधी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। केंद्रों पर पर्यवेक्षकों के साथ ही स्टेटिक मजिस्ट्रेट और सचल दल की तैनाती की जा चुकी है। बताया कि नौ मार्च को होने वाली परीक्षा में पहली पाली में 29 केंद्रों पर 15532 और दूसरी पाली में 21 केंद्रों पर 12159 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। पहले दिन 13 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 13 सचल दल, 38 पर्यवेक्षक और 38 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे जबकि दूसरे दिन नौ सेक्टर मजिस्टेट, नौ सचल दल और 27-27 पर्यवेक्षक और स्टेटिक मजिस्ट्रेट रहेंगे।
इधर 10 मार्च को आशुलिपिक भर्ती परीक्षा भी होगी, जिसमें 30 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी शामिल होंगे। बताया कि हालांकि आठ मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आगमन है, ऐसे में सभी परीक्षार्थियों को समय से पहले केंद्रों पर पहुंचने को कहा गया है।