वाराणसी। 21 से 23 जनवरी तक वाराणसी में हुए प्रवासी भारतीय सम्मेलन के दौरान ऐढ़े गांव में टेंट सिटी बनाई गई थी। इसी बीच 22 जनवरी की रात्रि में बारिश हुई, लेकिन टेंट सिटी में कोई अव्यवस्था नहीं हुई। यह जवाब एनआरआई राज्य मंत्री स्वाती सिंह ने एमएलसी शतरूद्र प्रकाश द्वारा पूछे गए प्रश्न पर दिया हैै।
प्रवासी भारतीय सम्मेलन के दौरान 22 जनवरी की रात में बारिश हुई। इससे किनारे के कनात फट गए थे, वहीं टेंट सिटी में पानी से अव्यवस्था हो गई थी। कई टेंटों में पानी टपकने लगा था। गरज चमक के चलते प्रवासियों को रात में परेशानी हुई। जिसकी खबर अमर उजाला ने 24 फरवरी के अंक में पेज नंबर दो पर प्रकाशित किया था। इसको लेकर ही एमएलसी शतरुद्र प्रकाश ने एनआरआई राज्य मंत्री स्वाती सिंह से प्रश्न पूछा कि 21 से 23 जनवरी तक हुए 15वें प्रवासी भारतीय स्थल तंबू शहर में 22 की रात्रि में हुई बारिश से अस्त व्यस्त हो गया था। इससे प्रवासियों को असुविधा हुई थी। इस पर मंत्री ने बारिश से अस्त व्यस्त को सिरे से खारिज करते हुए किसी तरह की परेशानी न होने का दावा किया है। वहीं एमएलसी ने तंबुआें के लगाने के बारे में पूछा है तो मंत्री ने बताया है कि ई निविदा के तहत अहमदाबाद की कंपनी लल्लूजी एंड संस को काम दिया गया था।