वाराणसी। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल, इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए केंद्रों पर गुरुवार से कापियां पहुंचने लगेंगी। शिक्षा विभाग की ओर से इसके लिए राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज को नोडल सेंटर बनाया गया है। बोर्ड परीक्षा के लिए बने सभी 149 केंद्रों पर 29 जनवरी तक कापियां भेज दी जाएंगी। इसके साथ ही 30 जनवरी तक पेपर भी बोर्ड की ओर से मिल जाने की संभावना है।
सात फरवरी से शुरू होने वाली बोर्ड परीक्षा को लेकर अब शिक्षा विभाग के साथ ही कॉलेजों में भी तैयारियां तेज हो गई हैं। परीक्षा को लेकर जहां कक्ष निरीक्षकों, ड्यूटी में लगे अन्य कर्मचारियों की सूची फाइनल हो रही है, वहीं गुरुवार से कापियाें का वितरण भी कराया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. विजय प्रकाश सिंह ने बताया कि राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज से होने वाले वितरण के लिए संबंधित केंद्रों को कोड पहले ही दिया जा चुका है। इसी कोड के अनुसार 24 जनवरी, 25, 28 और 29 जनवरी को कापियां बांटी जाएंगी। बताया कि नोडल सेंटर क्वींस कॉलेज में कालेज के कोड के अनुसार वितरण सूची चस्पा करा दी गई है।