वाराणसी। शिवपुर थाना अंतर्गत मेहता नगर कॉलोनी से बुधवार की भोर पुलिस ने संदिग्ध प्रतीत हो रहे तीन लोगों को हिरासत में लिया। तलाशी में तीनों के पास एक अवैध रिवाल्वर, दो तमंचा, तीन कारतूस और 8600 रुपया बरामद हुआ। आरोपियों की शिनाख्त नेपाल के पोखरा के राजू क्षेत्रिय और गाजीपुर जिले के सौरी सादियाबाद के शिवजी बिंद व नंदगंज के समनपुर के मोहम्मद आलम के तौर पर हुई है। वहीं, इस दौरान पुलिस को चकमा देकर चंदौली के ताराजीवनपुर का मनोज तिवारी उर्फ बाबा और गाजीपुर के जमनिया के हितिमपुर का श्याम सुंदर बिंद भाग निकले। गिरफ्त में आए तीनों आरोपियों के खिलाफ गंभीर आरोपों में 34 मुकदमे दर्ज हैं।
क्षेत्राधिकारी कैंट राकेश कुमार नायक ने बताया कि शिवपुर इंस्पेक्टर पवन कुमार उपाध्याय अपनी टीम के साथ गश्त पर निकले थे। इसी दौरान मेहता नगर कॉलोनी से संदिग्ध प्रतीत हो रहे तीन लोगों को हिरासत में लिया गया जबकि दो भाग निकले। पूछताछ में तीनों ने बताया कि वो डकैती की योजना बना रहे थे। इसके पहले 22 मई को मेहता नगर कॉलोनी, 25 मई को भरलाई और पांच जून को नटिनियादाई में चोरी किए थे। क्षेत्राधिकारी कैंट ने बताया कि गिरफ्त में आए आरोपियों की गैंग पंजीकृत कराई जाएगी और इनके खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई के लिए एसएसपी को संस्तुति की जाएगी।