वाराणसी। कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने निर्माणाधीन दीनापुर सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का काम एक सप्ताह से बंद होने पर अभियंताओं के खिलाफ प्रमुख सचिव नगर को कार्रवाई की संस्तुति की है। जल निगम और गंगा प्रदूषण इकाई के अभियंता को फटकार लगाई और बुधवार को हर हाल में काम शुरू कराने की चेतावनी दी। कहा कि यदि काम नहीं शुरू हुआ तो एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
मंडलायुक्त मंगलवार को अनुश्रवण कक्ष में जायका सहायतित परियोजनाओं के प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने दीनापुर एवं गोइठहां सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट को समयावधि में पूरा कराए जाने को कहा। शाही नाला की सफाई की धीमी गति और समयसीमा विस्तार की मांग पर नाराजगी जताई। उन्होंने शाही नाला की सफाई को जुलाई 2018 तक पूरा करने का निर्देश दिया। जलनिगम द्वारा सड़कों की खुदाई और पैंचवर्क की खराब गुणवत्ता पर अधिकारियों को फटकार लगाई। नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सामुदायिक शौचालय की आवश्यकता वाले क्षेत्र में रोड कटिंग की अनुमति लेकर निर्माण कार्य पूरा किया जाए। मछोदरी एवं बजरडीहा में धोबी घाट संचालन के लिए नगर निगम के अधिकारी को कहा। अस्सी घाट सहित घाट किनारे के निर्माणाधीन शौचालयों के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराए जाने और चेजिंग रूम को बनवाने का निर्देश दिया। बैठक में जलनिगम, गंगा प्रदुषण, लोनिवि सहित अन्य कार्यदायी संस्था के अधिकारी मौजूद रहे।