ज्ञानपुर। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों से जनता को जोड़ने के मकसद से 23 मई से जिले के सभी ब्लॉकों में गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। इसमें सरकार की योजनाओं के बारे में लोगों को बताया जाएगा। यह बातें मुख्य विकास अधिकारी हरिशंकर सिंह ने मंगलवार को विकास भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में दी।
कहा कि ग्रामोदय अभियान के तहत केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ जनता तक ज्यादा से ज्यादा पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। छह दिवसीय गोष्ठी कार्यक्रम की रूपरेखा बताते हुए उन्होंने कहा कि औराई विकास खंड में 23 मई, ज्ञानपुर 25 मई, भदोही में 29, डीघ में 31, अभोली दो जून और सुरियावां में चार जून को गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। इसमें महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, स्कूल चलो अभियान, मातृ एवं बाल स्वास्थ्य मिशन, श्रमिक कल्याण, कौशल विकास आदि योजनाओं के बारे में लोगों को जागररूक किया जाएगा। अंत में उन्होंने कहा की अगर विकास के प्रति हर ग्रामसभा का प्रधान जाग जाए तो पूरा देश विकास के पथ पर अग्रसर हो जाएगा।