ज्ञानपुर। सिंहपुर स्थित राधास्वामी धाम में सोमवार को राधास्वामी मत का वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर कई जिलों से आए साधु-संतों ने भजन-कीर्तन किया। इससे आश्रम परिसर का वातावरण भक्तिमय हो गया। इस दौरान सुबह से लेकर देर रात तक अनवरत भंडारा चलता रहा। जिसमें हजारों की संख्या में अनुयायियों, साधु-संतों और श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
आश्रम के महंत आनंद स्वरूप ने बताया कि राधास्वामी मत की स्थापना वसंत पंचमी के ही दिन 1861 में हुई थी। इसके उपलक्ष्य में प्रत्येक वर्ष मत का वार्षिकोत्सव मनाया जाता है। सोमवार को आयोजित कार्यक्रम को लेकर आश्रम का वातावरण भक्तिभाव में लीन नजर आया। ढोल, हारमोनियम और अन्य वाद्य यंत्रों के साथ साधु-संतों पूरे दिन भजन-कीर्तन किया। सुबह सात बजे से ही भंडारे की शुरुआत हो गई, जो देर रात तक चलता रहा। भंडारे का आयोजन कछवां के भोलानाथ की ओर से आयोजित कराया गया था।