ज्ञानपुर। सूबे के कैबिनेट मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि 2019 का लोकसभा चुनाव भाजपा और भासपा मिलकर लड़ेंगी। नरेंद्र मोदी दूसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे। पूर्ववर्ती सरकारों ने जो कार्य दो साल में नहीं कर सकीं, योगी सरकार ने उसे आठ माह में किया। समाज के दबे-कुचलों का स्तर उठाने के लएि सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है। सोमवार को विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में आए जिले के प्रभारी मंत्री ओमप्रकाश राजभर कलेक्ट्रेट परिसर में पत्रकारों से ये बातें कहीं।
मंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार पं. दीनदयाल उपाध्याय के सपनों को पूरा करने के लिए काम कर रही है। समाज के अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा से हमारा गठबंधन जारी रहेगा। 2019 का लोकसभा चुनाव भासपा-भाजपा मिलकर लड़ेंगी। भाजपा नेतृत्व से पांच सीटों की मांग की जाएगी। दिव्यांगजनों के विकास के सवाल पर कहा कि आठ माह में सरकार ने उनके लिए कई कल्याणकारी काम किया है। आवास समेत अन्य सरकारी योजनाओं में दिव्यांगों को पांच फीसदी आरक्षण दिया गया। शादी अनुदान, शल्य चिकित्सा आदि सुविधाओं में भी बढ़ोतरी की गई। पूर्व में दिव्यांगों को दुकान के लिए 10 हजार रुपये की सहायता मिलती थी, जिसे बढ़ाकर 50 हजार कर दिया गया है। अब प्रदेश ही नहीं, देश भर में दिव्यांगजन सरकारी बसों में नि:शुल्क सफर कर सकते हैं। अब उन्हें ट्रेन के थर्ड एसी कोच में लोवर बर्थ की सुविधा दी गई। सभी 18 मंडल में दिव्यांग केयर सेंटर शुरू किए गए हैं। 16 आईएएस-पीसीएस कोचिंग सेंटर में मात्र दो में ओबीसी का प्रवेश होता था, जिसे अब सभी में लागू किया गया है। खनन से हो रही दिक्कतों के सवाल पर कहा कि एसडीएम से अनुमति लेकर आम लोग 10 ट्रैक्टर तक मिट्टी खोद सकते हैं।