सीतामढ़ी। महाशिवरात्रि पर जिले के पौराणिक एवं धार्मिक स्थली सीतामढ़ी में सवा करोड़ पार्थिव शिवलिंग निर्माण, श्री सीताराम महायज्ञ और वाल्मीकि रामायण पर श्री रामकथा के भव्य आयोजन को लेकर कवायद तेज हो गई है। सोमवार को गंगा तट पर आयोजक स्वामी बृजेशानंद महाराज की देखरेख में भदोही, इलाहाबाद और मिर्जापुर के सैकड़ों धर्मानुयायियों की बैठक हुई। इसमें अनुष्ठान के निगरानी के लिए राहुल दूबे को अध्यक्ष बनाया गया।
महर्षि वाल्मीकि आश्रम के महंत हरिप्रसाद शास्त्री और बृजेशानंद महाराज ने कहा कि यह कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा। जिले भर के भक्तों के अलावा दूसरे जिले के भक्त इसमें भागीदारी करेंगे। संपूर्ण धार्मिक कार्यक्रम के लिए कालिका इंटर कॉलेज के प्रबंधक राहुल दूबे को सर्वसम्मति से अध्यक्ष और इटहरा के सुरेश कुमार मिश्रा को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। गंगा तट पर कार्यक्रम के लिए रूपरेखा तैयार की गई। नव नियुक्त अध्यक्ष राहुल दूबे ने कहा कि यह जिम्मेदारी वे पूरी निष्ठा से निभाएंगे। शीघ्र ही कमेटी का गठन कर लोगों में इसकी जिम्मेदारी बांट दी जाएगी। इस दौरान गंगा पूजन का कार्यक्रम संपन्न हुआ। बृजेशानंद ने कहा कि जिले में यह पहला मौका होगा जब जिला शिवभक्ति में सराबोर होगा। कहा उज्जैन के महाकाल बाबा को समर्पित महा अनुष्ठान में गंगा के पावन तट पर सवा करोड़ पार्थिव शिवलिंग निर्माण, श्री सीताराम महायज्ञ के साथ वाल्मीकि रामायण पर संगीतमय श्री रामकथा का भव्य आयोजन होगा। कार्यक्रम 11 दिनों तक चलेगा । कहा कि प्रतिदिन 11 लाख से अधिक पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण शिवभक्त करेंगे। इस कार्य में करीब पांच से सात हजार लोगों की सहभागिता रहेगी। इस मौके पर आद्या प्रसाद तिवारी, सतीश मिश्रा, बरमदीन मिश्र, विष्णु प्रकाश सेठ, राम उजागिर शुक्ल, विंध्यवासिनी मिश्रा, वकील दुबे, रामकृष्ण मिश्र, विधान चंद्र दूबे, मिश्रीलाल, पप्पू सिंह , श्याम बहादुर सिंह, विमल मिश्र, देवी मोदनवाल, जज्जे पांडेय, रमेश, प्रदीप मिश्रा, रविंद्र तिवारी आदि रहे।