वाराणसी। 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन मामले में गुरुवार को कोर्ट के फैसले के बाद कांग्रेसियों ने कहा कि प्रधानमंत्री को इस मुद्दे पर अपने संसदीय क्षेत्र सहित देश से माफी मांगनी चाहिए। कहा कि आवंटन में घोटाले के मनगढ़ंत आरोप से संप्रग सरकार और कांग्रेस को बदनाम कर सत्ता प्राप्त करने की भाजपा की सियासत का न्यायपालिका के निर्णय के साथ पर्दाफाश हो गया।
पार्टी के इंगलिशियालाइन दफ्तर में जुटे कांग्रेसजनों ने कहा कि घोटाले का आरोप केवल कांग्रेस को बदनाम करने की साजिश थी। अदालत ने साफ कर दिया कि ऐसा कोई घोटाला हुआ ही नहीं। बैठक को विजयशंकर पांडेय, प्रजानाथ शर्मा, बैजनाथ सिंह, मकसूद खान, विजय शंकर मेहता, शैलेंद्र सिंह आदि ने संबोधित किया।
वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक अजय राय और राजीव गांधी स्टडी सर्किल के राष्ट्रीय समन्वयक प्रो. सतीश राय ने अदालत के फैसले पर कहा कि सत्य परेशान हो सकता है, पराजित नहीं। तत्कालीन सीएजी विनोद राय के साथ मिलकर भाजपा ने देश में सत्ता परिवर्तन के मंसूबे के साथ काल्पनिक घोटाले का भूत खड़ा किया था। अब यह साफ हो गया कि ऐसा कोई घोटाला हुआ ही नहीं था।