जौनपुर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. राजेंद्र सिंह ने बरसठी विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय भीमीपुर में तैनात प्रधानाध्यापक ओमप्रकाश मिश्र को गुरुवार को निलंबित कर दिया। बीएसए ने यह कार्रवाई मुंगराबादशाहपुर खे खंड शिक्षा अधिकारी सुरेंद्र पटेल की जांच रिपोर्ट पर की है। खंड शिक्षा अधिकारी की जांच में पता चला कि विद्यालय में इस वर्ष एक भी नामांकन नहीं हुआ। सभी कक्षा में कुल 29 छात्रों का पंजीकरण जरूर हुआ है पर मौके पर एक भी छात्र उपस्थित नहीं मिला।
जिला बेशिक शिक्षा अधिकारी को ग्रामीणों से शिकायत मिली थी कि प्राथमिक विद्यालय भीमीपुर में तैनात प्रधानाध्यापक कभी कभार ही विद्यालय आते हैं। जब कभी वह विद्यालय आते भी हैं तो घंटे दो घंटे में ही ताला लगाकर चले जाते हैं। इस शिकायत पर बीएसए ने मुंगराबादशाहपुर के खंड शिक्षा अधिकारी सुरेंद्र पटेल से गोपनीय जांच करवाई। जांच में पता चला कि विद्यालय में सिर्फ 29 छात्रों का पंजीकरण हुआ है। इस साल एक भी नामांकन नहीं हुआ। और मौके पर एक भी छात्र उपस्थित नहीं पाया गया। ग्रामीणों ने खंड शिक्षा अधिकारी से बताया कि वह यहां कभी मध्याह्न भोजन भी नबीं बनता और न ही जिन बच्चों का पंजीकरण है उन्हें ड्रेस आदि मिलता है। खंड शिक्षा अधिकारी की रिपोर्ट को गंभीरता से लेते हुए बीएसए ने संबंधित प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया।