वाराणसी। छावनी परिषद के रणबांकुरे स्टेडियम में रविवार से पूर्वांचल के छह जिलों की भर्ती शुरू होगी। दस दिनों तक चलने वाली भर्ती में 86,439 अभ्यर्थी शामिल होंगे। पहले दिन मऊ जिले के युवकों की भर्ती होगी। इसके मद्देनजर पुलिस, प्रशासन और सेना के अधिकारियों ने शुक्रवार को रणबांकुरे स्टेडियम पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। एसएसपी आरके भारद्वाज ने सुरक्षा का जायजा लेने के बाद सेना के अधिकारियों के साथ बैठक की। भर्ती स्थल के पास ही पुलिस का एक कंट्रोल रूम खुलेगा। दलालों का दखल रोकने के लिए सेना की खुफिया एजेंसी सक्रि य हो गई है। एलआईयू की टीम भी आसपास के इलाके पर नजर रख रही है।
मऊ की भर्ती 10 दिसंबर, बलिया की 11 और 12 दिसंबर, आजमगढ़, देवरिया की 14 को, देवरिया और गोरखपुर की 15 को, गोरखपुर की 16 को और गाजीपुर के युवाओं की भर्ती 17 और 18 दिसंबर को होगी। 19 दिसंबर को धर्मगुरु पद के लिए उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के युवाओं की भर्ती होगी। सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक कर्नल मनीष धवन ने बताया कि अभ्यर्थियों के प्रवेशपत्र ऑनलाइन जारी किए जा चुके हैं। असेंबली एरिया में टेंट लगाया जाएगा। दौड़ शुरू होने के पहले अभ्यर्थी वहीं बैठेंगे। भर्ती में शामिल होने के लिए जो कागजात लाने हैं, उनका विवरण प्रवेशपत्र पर लिखा है। इस बार की भर्ती में आधार कार्ड को अनिवार्य कर दिया गया है। दौड़ शुरू होने से पूर्व अभ्यर्थियों को अपने आधार कार्ड की मूल प्रति दिखानी होगी। बताया कि छावनी परिषद ने छावनी क्षेत्र के तीन सार्वजनिक शौचालय को अभ्यर्थियों के लिए नि:शुल्क कर दिया है। नगर निगम को भी ऐसा करने को पत्र लिखा गया है। रेलवे स्टेशन प्लेट नंबर नौ के पीछे से छावनी तक शौचालयों के नि:शुल्क इस्तेमाल को कहा गया है।