शिवपुर (वाराणसी)। क्षेत्र के एक गांव में हैवानियत ने बाप-बेटी का रिश्ता कलंकित कर दिया। पिता ने अपनी ही आठ साल की बेटी के साथ कई बार दुराचार की कोशिश की। मासूम ने मां को पिता की हैवानियत बताई तो उसने विरोध जताया। इस पर उसकी पिटाई की गई। परिवार में भी किसी ने नहीं सुनी। किसी तरह से मामला आशा ज्योति संस्था के संज्ञान में आया तो पीड़िता और उसकी मां को शिवपुर थाने ले जाया गया। शिवपुर पुलिस ने मंगलवार को आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया।
इससे पहले बेटी पर हो रहे जुल्म की जानकारी मासूम की मां ने परिवार वालों को दी तो उसे बेरहमी से मारा-पीटा गया। परिवार में किसी ने नहीं सुनी तो बेटी को लेकर गांव के प्रतिष्ठित लोगों के पास गई लेकिन सभी ने बदनामी की दुहाई देते हुए चुप रहने को कहा। गांव के ही किसी व्यक्ति के माध्यम से मामला आशा ज्योति संस्था तक पहुंचा और तब जाकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई हुई।