वाराणसी। दुर्गा कुंड में सोमवार की भोर में मेन फीडर की पाइप लाइन फटने से जल संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई। पाइप लाइन फटने से दुर्गा कुंड तिराहे पर जलभराव की स्थिति हो गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे विभागीय कर्मियों ने देर शाम तक पाइप लाइन की मरम्मत की। बताया जा रहा है कि बीते दिनों पाइप लाइन में खराबी आने के बाद मरम्मत की गई थी, उसके बाद ही यह परेशानी सामने आई है।
बड़ी गैबी, इंग्लिशिया लाइन, महमूरगंज में बीते कई दिनों से बाधित पानी की सप्लाई शुरू भी नहीं हुई कि दुर्गा कुंड तिराहे के पास मेन फ ीडर फटने से कई इलाकों में पानी की सप्लाई बाधित हो गई। पानी के अचानक बहने से दर्जनों इलाकों में पानी का फ्लो भी धीमा रहा। पाइप लाइनों के लीकेज के चलते जलकल द्वारा उत्पादित कुल पेयजल के हिस्से का 58 प्रतिशत यानि 194.3 एमएलडी पानी बर्बाद हो रहा है। नगरीय क्षेत्र के करीब 16 लाख लोगों को पेयजल सप्लाई देने के लिए जलकल अपने सभी स्त्रोतों से 335 एमएलडी पानी का उत्पादन करता है।