वाराणसी। शहरी व ग्रामीण इलाकों में दो किलो वाट तक के कनेक्शन धारकों के लिए बिजली विभाग 25 मार्च तक समाधान योजना चला रहा है। इसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों के 28 लाख से ज्यादा डिफल्टरों में से चार लाख 66 हजार उपभोक्ताओं ने समाधान के लिए पंजीकरण कराया है।
समाधान योजना के तहत न केवल बिजली, पंखा बल्कि दो किलोवाट तक के कामर्शियल उपभोक्ताओं को, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र के निजी नलकूप चालकों को भी सरचार्ज पर छूट दी जा रही है। समाधान योजना के अंतर्गत आने वाले उपभोक्ता उपखंड कार्यालय, सुविधा केंद्रों, उपकेंद्रों पर पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण के बाद 15 दिन के अंदर समाधान की तिथि की जानकारी एसएमएस के माध्यम से उपभोक्ता को दी जाती है।
शहरी क्षेत्र में तीन लाख से ज्यादा डिफाल्टर उपभोक्ताओं में से 57 हजार 915 ने बकाया अदा करने के लिए पंजीकरण कराया है। शहरी क्षेत्र में 63 करोड़ और ग्रामीण क्षेत्र से 452 करोड़ रुपये जमा कराए जा चुके हैं। अब तक कुल 516 करोड़ रुपये समाधान योजना के तहत जमा हो चुका है।