पंडरा। वाराणसी-जौनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को पिंडरा बाजार में दो ट्रकों की टक्कर और फूलपुर में सड़क पर ट्रक के खराब होने के कारण बाबतपुर से फूलपुर तक भीषण जाम लगा रहा। जाम के कारण कई लोगों की ट्रेन और विमान छूट गए। वहीं, इसके चलते सिटी बसों का संचालन वाराणसी से बाबतपुर तक ही हुआ। किसी तरह से तीनों ट्रक सड़क के किनारे किए गए तो शाम के समय आवागमन सामान्य हुआ।
पिंडरा बाजार के दक्षिणी छोर पर रविवार की भोर दो ट्रकों की आमने-सामने की टक्कर हो गई थी। हादसे में एक ट्रक सड़क पर पलट गया तो दूसरा ट्रक क्षतिग्रस्त हो गया। दोनों ट्रकों के चालकों को मामूली चोट आई थी। दोपहर बाद दोनों ट्रकों को पुलिस ने किसी तरह से सड़क किनारे कराया। इसी बीच फूलपुर में एक ट्रक सड़क पर खराब हो गया। भीषण जाम के कारण रोडवेज बसों ने रास्ता बदल दिया था तो सिटी बसें बनारस से बाबतपुर तक ही चलीं। इसके चलते यात्रियों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ा।
वसंत पंचमी पर रविवार को शहर में यातायात व्यवस्था सामान्य रही। प्रशासन को उम्मीद थी कि गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ेगी। इसके मद्देनजर शहर के प्रमुख चौराहों पर पुलिस टीमों को तैनात किया गया था। हालांकि श्रद्धालु ज्यादा संख्या में नहीं आए और दिन भर यातायात व्यवस्था सुचारु रही। सोमवार को उम्मीद है कि प्रयागराज से श्रद्धालु अच्छीखासी तादात में काशी आएंगे। एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि इसके मद्देनजर प्रमुख गंगा घाटों और उनकी ओर जाने वाले मार्गों पर सोमवार की भोर से ही ट्रैफिक पुलिस और सिविल पुलिस के जवान तैनात रहेंगे।
राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-2 रविवार की शाम जाम की चपेट में रहा। यहां जीटी रोड के दोनों लेन पर ट्रकों की लंबी कतारें लगी रही। राजातालाब-जक्खिनी मार्ग पर भी वाहन फंसे रहे। पंचकोशी परिक्रमा मार्ग राजातालाब-जंसा रोड पर वाहनों की कतारें लगी रहीं। राजातालाब में जाम रोज की समस्या है। जाम के कारण दुकानदारों और व्यापारियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। राजातालाब के राजकुमार गुप्ता, कृष्णा जायसवाल, पप्पू विश्वकर्मा, मनोज पटेल, इंद्रजीत पटेल ने जाम के स्थायी समाधान की मांग की है।