वाराणसी। चेतगंज स्थित आर्य महिला पीजी कॉलेज प्लेसमेंट सेल की ओर से बुधवार को रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस दौरान पंजीकरण कराए 2682 प्रतिभागियों में से 726 छात्राओं को विभिन्न पदों के लिए चुन लिया गया। रोजगार मेले में एचडीएफसी, उत्कर्ष स्माल बैंक, ओला कैब, एलआईसी, जोमैटो, बायोटेक रिसर्च इंस्टीट्यूट, आईडीबीआई, यूरेका फोर्ब्स सहित 35 कंपनियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छ भारत समर इंटर्नशिप करने वाली 35 प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित कर उनकी हौसला आफजाई की गई।
मुख्य अतिथि एडीएम प्रशासन एमएन उपाध्याय ने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि शिक्षा के साथ हम सभी को सामाजिक हितों के लिए भी आगे आना चाहिए। विशिष्ट अतिथि एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने कहा कि मेहनत और लगन के साथ आप सभी पढ़ाई करें और रोजगार मेला जैसे बेहतर अवसरों का लाभ उठाएं। कॉलेज के प्रबंधक डॉ. शशिकांत दीक्षित ने छात्राओं के अच्छे भविष्य की कामना की। अतिथियों का स्वागत कॉलेज की प्राचार्य डॉ. रचना दुबे ने किया। आभार प्लेसमेंट सेल के समन्वयक डॉ. कौशलेंद्र सिंह ने दिया। संचालन डॉ. अन्नपूर्णा दीक्षित और डॉ. ऋचा मिश्रा ने किया। इस दौरान क्षेत्रीय सेवा योजना कार्यालय के निदेशक प्रभा शंकर शुक्ल, रोजगार मेला प्रभारी दीप सिंह और डॉ. मेराज हाशमी आदि मौजूद रहे।