वाराणसी। शहर में लगने वाले जाम का एक अहम कारण व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के सामने वाहनों का खड़ा होना है। इसे देखते हुए यातायात पुलिस की ओर से शहर के 66 प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी कर सात दिन के भीतर पार्किंग की व्यवस्था कराने को कहा गया है। चेतावनी दी गई है कि यदि सात दिन में पार्किंग की व्यवस्था नहीं हुई तो संबंधित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
एसपी ट्रैफिक सुरेश चंद्र रावत ने सोमवार को बताया कि सभी 66 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों को जारी नोटिस में कहा गया है कि पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करें। प्रतिष्ठान के सामने सड़क पर किसी भी सूरत में वाहन न खड़े होने पाएं। शहर का सर्वे कराने के बाद 66 प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी की गई है। सात दिन बाद ट्रैफिक पुलिस की अलग-अलग टीमें भौतिक सत्यापन करेंगी और पार्किंग की व्यवस्था न करने वाले प्रतिष्ठान के संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।