वाराणसी। बीएचयू आयुर्वेद संकाय की ओर से चलने वाले वेलनेस सेंटर के माध्यम से अब हर दिन पांच घंटे नि:शुल्क नारी परीक्षण किया जाएगा। संबंधित लोग सेंटर पर सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक चलने वाली इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। मंगलवार को आयुर्वेद के सिद्धांतों पर आधारित नाड़ी तरंगिड़ी यंत्र का उद्घाटन हुआ।
सेंटर पर शुरू हो रही इस सुविधा के बारे में संकाय प्रमुख प्रो. यामिनी भूषण त्रिपाठी ने बताया कि यह मशीन आयुर्वेद के प्राचीन सिद्धांतों और आधुनिक विज्ञान को जोड़ने में सहायक होगी। बताया कि स्वस्थ व्यक्ति का परीक्षण कर उचित आहार-विहार के बारे में भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। सेंटर के चेयरमैन प्रो. चंद्रशेखर पांडेय ने बताया कि इस तरह की मशीन और तकनीक का उपयोग विलुप्त होती जा रही नाड़ी विद्या को पुर्नजीवित करने में सफल होगी। शास्त्रों में तो नाड़ी विद्या का प्रचार, प्रसार होता रहा है लेकिन अब इसका वैज्ञानिकीकरण किया जा रहा है। इस दौरान मौजूद लोगों को मशीन के बारे में विस्तार से बताया गया। कार्यक्रम में वैद्य सुशील दूबे, पूर्व कुलसचिव केपी उपाध्याय, संयुक्त कुलसचिव प्रवेश परीक्षा डॉ. एमआर पाठक, प्रो. प्रदीप भारद्वाज, प्रो. जेएस त्रिपाठी, प्रो. उमा गुप्ता, डॉ. अनुराग पांडेय, डॉ. रानी सिंह आदि मौजूद रहे।