वाराणसी। टकटकपुर स्थित स्मार्ट वैल्यू प्रोडक्ट्स सर्विसेज लिमिटेड के खिलाफ रविवार को 11 नामजद और अन्य अज्ञात के खिलाफ कैंट थाने में धोखाधड़ी, छल, धमकाने सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया। यह कार्रवाई मध्य प्रदेश के सिंगरौली की गुंजा भारती की तहरीर पर की गई है। मुकदमा दर्ज होने के बाद सीओ कैंट ने विद्यार्थियों के भोजन और घर जाने की व्यवस्था कराई।
गुंजा ने पुलिस को बताया कि स्मार्ट वैल्यू प्रोडक्ट्स सर्विसेज लिमिटेड कंपनी ने कंप्यूटर कोर्स के नाम पर 15-15 हजार रुपये फीस के तौर पर छात्र-छात्राओें से जमा कराया था। कंपनी के ओर से कंप्यूटर कोर्स न कराकर नेटवर्क मार्केटिंग का काम कराया जाने लगा। कुछ दिन बीतने के बाद भी पढ़ाई शुरू नहीं हुई तो छात्र-छात्राओं ने अपने पैसे वापस मांगे। आरोप है कि इस पर उनसे कंपनी के अमित कुमार सिंह, दीपक कुमार सिंह, सुमन मंडल, प्रशान दास, मंजीत चक्रवाल, करन सेठ, शोभम विश्वकर्मा, संजीव अरोरा, निर्मला, इरशाद, उमेश तिवारी और अन्य अज्ञात ने बदसलूकी की। साथ ही, छात्र-छात्राओं को जान से मारने की धमकी दी गई। इसके विरोध में शनिवार को छात्र-छात्राओं ने विकास भवन पर धरना देकर रुपये वापस कराने की मांग की थी। इस संबंध में सीओ कैंट राकेश नायक ने बताया कि पीड़ित छात्र-छात्राओं की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू करा दी गई है।