वाराणसी। लंका थाना अंतर्गत रोहित नगर मोड़ पर रविवार की रात कार सवार युवती से दो दोपहिया वाहन सवार चार शोहदों ने सरेराह छेड़खानी की। विरोध करने पर युवती के साथ शोहदों ने मारपीट शुरू कर दी। घटनास्थल के आसपास मौजूद लोग दौड़े तो चारों वाहन स्टार्ट कर मौके से भाग निकले। परिवार की महिलाओं के साथ कार से जा रही युवती के साथ सरेराह हुई छेड़खानी और मारपीट की घटना ने लंका थाने की पुलिस और एंटी रोमियो स्क्वॉड / लेडी एंटी रोमियो स्क्वॉड की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। वहीं, घटना को लेकर कॉलोनी के लोगों में खासी नाराजगी देखी गई।
लंका थाना अंतर्गत नेवादा क्षेत्र की गणेश धाम कॉलोनी की एक युवती अपने परिवार की तीन महिलाओं के साथ कार से संकटमोचन मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए गई थी। आरोप है कि रात 8:30 बजे के लगभग युवती दर्शन-पूजन कर मंदिर से बाहर निकली तो उसकी कार के पीछे बाइक और स्कूटी सवार चार शोहदे लग गए। चारों लगातार अश्लील हरकतें कर रहे थे और फब्तियां कस रहे थे। इससे परेशान होकर युवती ने रोहित नगर मोड़ पर कार रोक दिया और युवकों को सही तरीके से ताकीद की। इससे नाराज शोहदे सरेराह युवती की पिटाई शुरू कर दिए। आसपास के लोगोें ने युवती के साथ मारपीट देखी तो दौड़े। यह देख शोहदे भाग निकले। स्थानीय लोगों ने शोहदों की स्कूटी के रजिस्ट्रेशन नंबर की फोटो खींच कर लंका पुलिस को दी है। घटना की सूचना पाकर पहुंचे संकटमोचन चौकी प्रभारी ने कहा कि स्कूटी के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर आरोपियों की तस्दीक कर कार्रवाई की जाएगी।