वाराणसी। नगर के कई वार्डों में सीवर का पानी सड़कों पर बह रहा है। ऐसे में लोगों की नाराजगी बढ़ती जा रही है, लोगों का कहना है कि गर्मी में ये हाल है तो बारिश में क्या होगा। वहीं शुक्रवार को इन समस्याओं को लेकर लोगों ने प्रदर्शन भी किया।
शुक्रवार को सिगरा के चंदुआ छित्तुपुर स्थित टेलीफोन कालोनी में मुख्य मार्ग पर मेनहोल से सीवर ओवरफ्लो होकर सडुकों पर फैल गया। इससे लोगों को घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। इस समस्या से जूझ रहीं पब्लिक ने सड़क जाम कर दिया। लोगों का आरोप था, कि कई महीनों से यह समस्या है। बार-बार शिकायत की गई लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। मैनहोल को दुरूस्त करने के लिए इंटरलॉकिंग को उखाड़ा तो गया लेकिन कई दिनों से काम ठप होने के कारण लोगों को आने जाने में परेशानी होने लगी है। मौके पर पहुंचे कांग्रेस कमेटी के सचिव आशीष केशरी ने बताया कि कई दिनों के बाद जनता सड़क पर उतरी है। इस मौके पर हरीश मिश्रा, सर्वण मौर्या, संजय यादव सहित कई लोग उपस्थित रहे।
सीवर समस्या से परेशान है काजी सादुल्लाहपुर के लोग
काजी सादुल्लाहपुरा के सिटी गर्ल्स इंटर कालेज के सामने वाली गली की सीवर लाईन को मेन सीवर लाईन से कनेक्ट करना है। इसके लिए नगर निगम प्रशासन ने 10 लाख रुपया मंजूर किया है। गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई को इस गली में सीवरेज लाईन कनेक्टिीविटी का काम कराना है लेकिन वह काम प्रभावित हो रहा है। पार्षद रमजान अली ने गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई के जीएम से इसकी शिकायत करते हुए काम शुरू कराने को कहा लेकिन विभाग ने काम कराने से फिलहाल मना कर दिया है। पार्षद ने बताया कि पांच हजार की आबादी इस सीवर की समस्या से त्रस्त है लेकिन न तो नगर निगम प्रशासन ध्यान दे रहा है और न जिला प्रशासन।