वाराणसी। चितईपुर स्थित मां राजवंती हॉस्पिटल में भर्ती मरीज को रेफर करने को लेकर परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों के साथ पहुंचे लोगों ने डीएलडब्ल्यू-अमरा अखरी मार्ग जाम कर दिया। करीब डेढ़ घंटे तक चले जाम को पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई के आश्वासन पर समाप्त कराया। इस मामले में पुलिस ने अस्पताल के डॉ. संजय सिंह समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
23 मार्च को अनपरा शक्तिनगर निवासी विनोद भारती के बेटे चंदन भारती (15) के सड़क दुघर्टना में घायल होने के बाद चिकित्सकों ने बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया था। मरीज को एंबुलेंस चालक राजवंती अस्पताल में ले आया। तीन लाख रुपये से अधिक खर्च होने के बाद चिकित्सकों ने चाचा राजेंद्र भारती को और अधिक खर्च की बात कही। साथ ही मरीज को सरकारी अस्पताल ले जाने को कहा। राजेंद्र सरकारी अस्पताल से वापस आ ही रहा था कि चंदन के मामा समेत दो लोग चिकित्सक से बात करने पहुंचे। इस दौरान उनकी अस्पताल के कर्मचारियों से नोंकझोंक हो गई। आरोप है कि कर्मचारियों ने इनकी पिटाई कर दी। उधर सूचना पाकर परिजनों के सगे संबंधी, नागरिकों ने रास्ता जाम कर अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे सीओ भेलूपुर ने बातचीत कर मामला शांत कराया। इंस्पेक्टर मंडुवाडीह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।