वाराणसी। बीएचयू के दृश्य कला संकाय में लगे कला मेला में जहां छात्र-छात्राओं का हुनर देखने को मिल रहा है। छात्र अपनी कला के माध्यम से लोगों को स्वरोजगार का संदेश भी दे रहे हैं। संकाय परिसर में लगे 20 से अधिक स्टॉलों के माध्यम से जहां छात्र टैटू बनाने की कला दिखा रहे हैं वहीं निष्प्रयोज्य सामानों के प्रयोग से सजावट के सामान सहित अन्य सामानों को तैयार करने की जानकारी भी मिल रही है।
तीन दिवसीय कला मेले के दूसरे दिन रविवार को हालांकि पहले दिन की तुलना में भीड़ कम रही। मेले में पेंटिंग, व्यावहारिक कला, मूर्ति कला, टेक्सटाइल डिजाइनिंग, पॉटरी सिरामिक के सभी डिजाइन देखने को मिल रहे हैे। एक ओर घर के आंगन में पड़ने वाले झूले तो दूसरी ओर फोटोग्राफी, टैटू जोन, मिट्टी से बनी सामग्रियों के तैयार करने, रंग बिरंगे कागजों से डिजाइन बनाने, टेराकोटा, हस्तनिर्मित सामग्रियों पर जोर दे रहे हैं। सोमवार को भी प्रदर्शनी सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक लोगों के अवलोकनार्थ खुली रहेगी। यहां लोग देखने के साथ ही सामानों की खरीददारी भी कर सकेंगे।