वाराणसी। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के तहत हो रही यूपी बोर्ड की परीक्षा अब तक कुल दस हजार से अधिक ने छोड़ दी है। बोर्ड की ओर से नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए की गई कड़ाई का असर ये है कि इतनी संख्या में लोगों ने परीक्षा छोड़ दी। सीसीटीवी कैमरे की जद में होने की वजह से भी न तो छात्र नकल कर पा रहे हैं और ना ही विद्यालय नकल करा पा रहे हैं। हालांकि कुछ परीक्षा केंद्रों पर बोल कर नकल कराए जाने की आशंका जताई जा रही है।
शुक्रवार को दोनों पालियों में मिलाकर 5434 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। शुक्रवार को हाईस्कूल में अंग्रेजी की तो इंटरमीडिएट में गणित की परीक्षा थी। आशंका जताई जा रही थी कि कठिन होने की वजह से इन दोनों ही विषयाें की परीक्षा छोड़ने वालों की संख्या ज्यादा रहेगी। हालांकि हाईस्कूल में हिंदी और अंग्रेजी दोनों ही विषयाें को छोड़ने वाले परीक्षार्थियों की संख्या बराबर रही। 91 फीसदी परीक्षार्थियों ने दोनाें ही विषयाें की परीक्षा छोड़ी। इंटरमीडिएट की गणित परीक्षा 1013 ने छोड़ दी तो हाईस्कूल में अंग्रेजी की परीक्षा 4413 परीक्षार्थियों ने छोड़ दी।
उप शिक्षा निदेशक ने केंद्र का किया निरीक्षण
कछवा रोड सेवापुरी ब्लाक के चित्रसेनपुर गांव स्थित अमरावती देवी इंटर कॉलेज में शुक्रवार को उप शिक्षा निदेशक ओंकार नाथ शुक्ला निरीक्षण करने पहुंचे। यहां शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षा चल रही थी।
एक केंद्र पर केवल दो छात्राओं ने दी परीक्षा
आराजी लाइन। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज जक्खिनी कें केंद्र पर गणित की परीक्षा मात्र दो लड़कियों ने दी है। यहाँ दूसरी पाली में इंटर गणित प्रथम प्रश्न पत्र में सिर्फ दो छात्राओं ने परीक्षा दी।
सादे पन्ने को क्रॉस करने का निर्देश
वाराणसी। यूपी बोर्ड की ओर से कक्ष निरीक्षकों को सख्य निर्देश दिया गया है कि अगर कोई परीक्षार्थी उत्तर पुस्तिका के बीच में सादा पन्ना छोड़ता है तो ये उनकी जिम्मेदारी है कि वो इसे क्रॉस कर दें। आशंका जताई गई है कि इसमें भी नकल माफिया खेल कर सकते हैं। हो सकता है कि उत्तरपुस्तिका पर छोड़े गए सादे पन्नों पर जवाब लिख दिए जाएं। हालांकि कई बार परीक्षार्थी सवाब का जवाब न आने पर बाद में लिखने की नियत से सादे पन्ने छोड़ देते हैं।
उपस्थिति
प्रथम पाली
हाईस्कूल - 50181 पंजीकृत, 45768 उपस्थित, 4413 अनुपस्थित
इंटरमीडिएट - 330 पंजीकृत, 322 उपस्थित, 08 अनुपस्थित
द्वितीय पाली
इंटरमीडिएट - 11619 पंजीकृत, 10606 उपस्थित, 1013 अनुपस्थित