वाराणसी। भाजपा प्रदेश संगठन की ओर से मनोनीत पदाधिकारियों की सूची शुक्रवार की देर रात लखनऊ से जारी की गई। इसमें काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष लक्ष्मण आचार्य को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया। इसी के साथ क्षेत्रीय अध्यक्ष पद के लिए योग्य पदाधिकारी के नियुक्ति की चर्चा तेज हो गई है। एक क्षेत्रीय महामंत्री के अध्यक्ष बनने की संभावना बढ़ गई है।
सूत्रों की मानें तो विधानसभा चुनाव के दौरान क्षेत्रीय महामंत्री ने रणनीति बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। उनकी रणनीति का नतीजा रहा कि जो कार्यकर्ता पहले विरोध कर रहे थे वे बाद में पार्टी के साथ हो गए। लोकसभा चुनाव को देखते हुए क्षेत्रीय अध्यक्ष पद पर ऐसे ही रणनीतिक पदाधिकारी को जिम्मेदारी दिए जाने की चर्चा है। माना जा रहा है दो तीन दिनों के भीतर क्षेत्रीय अध्यक्ष पद पर नाम की घोषणा की जाएगी।
वाराणसी से पहले भी प्रदेश उपाध्यक्ष पद पर रहे राकेश त्रिवेदी को उसी पद पर बरकरार रखा गया। इसके अलावा वाराणसी के शिवनाथ यादव को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। पहले से प्रदेश मंत्री पद पर रहे शंकर गिरी को उसी पद पर बरकरार रखा गया। इसके अलावा संजय राय को प्रदेश मंत्री और महानगर के मनीष कपूर को प्रदेश सह कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। प्रदेश की ओर से जारी 45 लोगों की सूची में छह बनारस से हैं। पीएम के संसदीय क्षेत्र से छह लोगों को प्रदेश नेतृत्व में रखा गया है।