वाराणसी। डीएम योगेश्वर राम मिश्र ने शिवरात्रि की तैयारियों के मद्देनजर शुक्रवार को विकास भवन में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया कि सड़कों की मरम्मत एवं पैचिंग के साथ-साथ मजबूत बैरेकेटिंग का कार्य एक सप्ताह के अंदर पूरा कराएं। मंदिर पहुंचने वाले मार्गों को दुरुस्त करा लें। गंगा घाटो पर स्नानार्थियों के लिए जल बैरेकेटिंग के अलावा प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कराएं। विद्युत विभाग के अभियंता को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि जर्जर एवं लटकते तारों को तुरंत दुरुस्त कराने के साथ ही 24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति कराएं।
काशी विश्वनाथ मंदिर पर 24 घंटे रोस्टरवार सफाई कर्मियों की तैनाती कर साफ-सफाई कराने को कहा। एसपी ट्रैफिक को निर्देशित किया कि शिवरात्रि के मौके पर यातायात व्यवस्था को सामान्य रखने के लिए रूट डाइवर्जन से संबंधित रोड मैप तैयार कर लें। शुलटंकेश्वर, सारंगनाथ, रामेश्वर, मारकंडेय महादेव, बीएचयू स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर पर भी बैरेकेटिंग सहित सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कराये जाने पर जोर दिया। मुख्य चिकितसा अधिकारी को निर्देशित किया कि इस दौरान एंबुलेंस के साथ-साथ डाक्टरों की तैनाती के साथ ही सरकारी एवं निजी चिकित्सालयों को भी एलर्ट पर रखा जाए। नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों के साथ ही एनडीआरएफ को भी तैनाती का निर्देश दिया। खाद्य सामग्री की जांच हेतु औषधि प्रशासन के कर्मियों को लगाये जाने का निर्देश दिया। आईपीडीएस एवं गेल के अधिकारियों को अगले सोमवार तक सभी खोदे गड्ढों को हर हालत में पाटकर समतल किये जाने का निर्देश दिया। सुरक्षा कर्मियों की तैनाती के लिए एसपी सिटी को निर्देशित किया। बैठक में नगर आयुक्त डा. नितिन बंसल, मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद थे।