ज्ञानपुर। गणतंत्र दिवस की तैयारियों को बृहस्पतिवार शाम तक कालीन नगरी में अंतिम रूप दे दिया गया। एक दिन पूर्व से ही जश्न का सिलसिला शुरू हो गया। स्कूल-कॉलेजों से लेकर सरकारी और गैर सरकारी प्रतिष्ठानों तक गणतंत्र दिवस के उल्लास के चलते जिले का वातावरण उत्सवी नजर आया। शुक्रवार को देशभक्ति के जज्बे से ओतप्रोत कार्यक्रमों की लड़ियां सजेंगी।
भदोही जिले में गणतंत्र दिवस का उल्लास सिर चढ़कर बोल रहा है। सरकारी कार्यालयों में जहां 26 जनवरी को संविधान लागू होने के उपलक्ष्य में ध्वजारोहण और संगोष्ठी की तैयारी की गई, वहीं स्कूल-कॉलेजों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। ज्ञानपुर पुलिस लाइन में गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह आयोजित किया गया है। साढ़े नौ बजे मुख्य अतिथि जिलाधिकारी विशाख जी ध्वजारोहण करने के बाद परेड की सलामी लेंगे। इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे। वीएनजीआईसी स्थित शहीद स्मारक पर बृहस्पतिवार को शहीदों को नमन किया गया। प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के शहीद झूरी सिंह के परऊपुर स्थित स्मारक पर ग्राम प्रधान के हाथों ध्वजारोहण और माल्यार्पण किया जाएगा। शहीद शीतल पाल की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया जाएगा। इसके अलावा ज्ञानपुर स्थित शहीद पार्क में स्थित शहीदों की प्रतिमाओं पर भी माल्यार्पण और उन्हें नमन करने के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बृहस्पतिवार को गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर जिले का माहौल देशभक्ति से ओतप्रोत हो गया। पखवारेभर से चल रहे परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के रिहर्सल के बाद बृहस्पतिवार को गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर तैयारियों को पूर्ण कर लिया गया। स्कूली बच्चों ने अलग-अलग परिधानों में तिरंगे और बैज के साथ आजादी का जश्न मनाया।