ज्ञानपुर। यूपी बोर्ड की परीक्षाएं शुरू होने में अब मात्र 22 दिन शेष रह गए हैं। नकल विहिन परीक्षा कराने के लिए इस बार सीसीटीवी कैमरे की निगहबानी में परीक्षएं संचालित कराई जाएंगी। जिले में 72 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 10वीं और 12वीं के कुल 59500 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
जिले के सभी 72 परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे तो लग गए हैं, मगर अभी सभी परीक्षा कक्षों में कैमरे नहीं लग सके हैं। परीक्षा केंद्रों में अभी भी कैमरों की कमी हैं। शिक्षा विभाग सभी परीक्षा कक्षों में कैमरे लगवाने के लिए दवाब बनाए हुए है। कैमरे लगाए भी जा रहे हैं। देखना यह है कि परीक्षा शुरू होने तक कैमरे लग पाते है कि नहीं। यूपी बोर्ड की परीक्षाएं छह फरवरी से शुरू होंगी। जिले में तीन राजकीय इंटर कालेज, 23 वित्तपोषित और 46 वित्तविहिन मान्यता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। कहने को तो सभी परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे लग गए हैं। मगर परीक्षा कक्षों के लिहाज से कैमरों की कमी है। अभी 40 फीसदी कैमरों की जरुरत है। बोर्ड के नियम के अनुसार सभी परीक्षा कक्ष में कैमरे होने चाहिए। विद्यालय कैमरे लगवा भी रहे हैं। विद्यालयों के सामने बजट की समस्या उत्पन्न हो रही है। राजकीय और वित्तपोषित विद्यालयों में तो बजट की दिक्कत नहीं हेै। लेकिन वित्तविहिन विद्यालय बजट की कमी झेल रहे हैं। जिससे उन्हें कैमरे लगवाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।