गोपीगंज। बैंक ऑफ बड़ौदा की गोपीगंज शाखा में गुरुवार को एक महिला ठगी का शिकार हो गई। फार्म भरने के बहाने एक युवक महिला के 27 हजार रुपये लेकर चंपत हो गया। पीड़ित महिला ने थाने में तहरीर देकर मामले की शिकायत की है।
गिराई गांव निवासी कुंज बिहारी की पत्नी सुगना देवी का बैंक आफ बड़ौदा में खाता है। गुरुवार को वह 27 हजार रुपये जमा करने के लिए वह बैंक आई थी। आरोप है कि बैंक में खड़ा एक युवक पैसा जमा करने के लिए फार्म भरने के बहाने उसे बाहर लेकर गया। फिर जेब से रुमाल में बांधी गई नोटों की गड्डी महिला को पकड़ा दिया। युवक ने महिला से 27 हजार अपने सहयोगी को देने और गड्डी में दो लाख रुपये होने की बात कही। पैसा जमा करने के लिए भरा फार्म महिला को देकर उसके साथ बैंक की ओर बढ़ा। महिला जब बैंक में घुस गई तो युवक पीछे से गायब हो गया। महिला ने जब रुमाल खोला तो नोट के बजाए कागज की गड्डी देख अवाक रह गई। पुलिस बैंक के सीटीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। सीओ ज्ञानपुर रामकरन ने कहा कि मामले की छानबीन की जा रही है।