वाराणसी। अरबी फारसी मदरसों के अध्यापक राज्य पुरस्कार से नवाजे जाएंगे। शैक्षणिक सत्र 2016-17 के तहत राज्य अध्यापक पुरस्कार से पुरस्कृत किए जाने के लिए जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने मदरसा प्रबंधकों व प्रधानाचार्यों से अपने यहां के शिक्षकों का नाम प्रस्तावित करने को कहा है।
इस पुरस्कार के लिए अर्हता भी निर्धारित की है। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी विजय प्रताप यादव ने बताया कि इस पुरस्कार के लिए प्रधानाध्यापक एवं सहायक अध्यापक के रूप में दोनों पदों की सेवाओं को जोड़ते हुए 15 साल के नियमित शिक्षण कार्य का अनुभव होना जरूरी है। विशिष्ट श्रेणी (दिव्यांग) के शिक्षकों के लिए ये अनुभव दस साल निर्धारित किया गया है। मदरसा प्रबंधक, निरीक्षक व स्टाफ और सेवानिवृत्त शिक्षक आवेदन नहीं कर सकते। शिक्षक के खिलाफ कोई विभागीय कार्रवाई न की गई हो। उन्होंने मदरसा प्रबंधकों व प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया है कि 25 जनवरी तक अपने-अपने मदरसे के उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों का नाम प्रस्तावित कर कार्यालय को भेज दें।