वाराणसी। हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के तहत रविवार को सुबह दस बजे से नामांकन होगा। इसके लिए शनिवार को 25 दावेदारों ने आवेदन लिया है। अध्यक्ष और पुस्तकालय मंत्री पद के लिए चार-चार, उपाध्यक्ष व महामंत्री पद के तीन-तीन नामांकन पत्र लिए गए हैं। इसी तरह संकाय प्रतिनिधि के पांच पदों के लिए 11 नामांकन पत्र लिए गए हैं। वहीं, कॉलेज में देर शाम तक नामांकन की तैयारियां को अंतिम रूप दिया गया।
हरिश्चंद्र कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के लिए 27 दिसंबर को मतदान होना है। अधिसूचना के तहत रविवार को सुबह दस बजे से शाम चार बजे तक नामांकन होगा। इसके लिए शनिवार को नामांकन पत्राें का वितरण किया गया। दोपहर 12 से शाम चार बजे तक कुल 25 विद्यार्थियों ने कार्यालय से नामांकन पत्र प्राप्त किया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार राय ने बताया कि सभी प्रत्याशियाें को नामांकन पत्र जमा करते समय परिचय पत्र और प्रवेश शुल्क की रसीद जमा करना अनिवार्य होगा। इनके बिना नामांकन पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि नामांकन के दौरान परिसर में मोबाइल प्रतिबंधित रहेगा।