वाराणसी। डीरेका स्थित सेंट्रल मार्केट के समीप एसबीआई से पैसा निकाल कर आ रहे आरपीएफ के हेड कांस्टेबल से मंगलवार को दिनदहाड़े बदमाश चार लाख रुपये छीन ले गए। एक बाइक पर सवार दो बदमाशों ने इतनी तेजी से घटना को अंजाम दिया और भाग निकले कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ नहीं पाए। पीड़ित के बताने पर लोगों को घटना की जानकारी हुई। सूचना के बाद मौके पर आईजी रेंज दीपक रतन और एसएसपी आरके भारद्वाज पहुंचे थे। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस जांच कर रही है।
आरपीएफ डीरेका में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात जीयनराम मूलत: गाजीपुर काजी टोला के रहने वाले हैं। यहां वह आरपीएफ बैरक में रहते हैं। मंगलवार को डीरेका स्थित एसबीआई से बेटी की शादी के लिए चार लाख रुपये निकाल कर झोले में रखकर सेंट्रल मार्केट के पास पहुंचे थे कि पीछे से एक बाइक पर दो सवारों ने रुपयों से भरा बैग छीन लिया और भाग निकले। परिसर में दिनदहाड़े हुई इस घटना से सभी हतप्रभ है। जीयनराम की बेटी की शादी आगामी 21 नवंबर को होनी है। वह 10 नवंबर से छुट्टी पर जाने वाले थे। छुट्टी जाने से पहले वह पैसा निकालने गए थे। वहीं घटना के बाद रेलवे पुलिस फोर्स के कमांडेंट जितेंद्र श्रीवास्तव भी मौके पर पहुंचे और अपने जवानों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए । पुलिस बैंक और डीरेका में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है।