दानगंज। डॉगी की वफादारी के तमाम किस्से सुनने को मिलते रहते हैं लेकिन रविवार की रात इसका जीता-जागता नमूना देखने को मिला। चोलापुर के उधौरामपुर गांव में पशु चिकित्सक की डॉगी ब्लैकी अपने मालिक की जान बचाने के लिए सांप से भिड़ गई। उसने सांप को मार डाला लेकिन इसकी कीमत उसे अपनी जान गवां कर चुकानी पड़ी।
उधोरामपुर निवासी पशु चिकित्सक डॉ. राजेश सिंह अपने परिवार के साथ रात में सोए हुए थे। पास में उनकी कुतिया ब्लैकी भी मौजूद थी। करीब ढाई बजे सांप का एक जोड़ा वहां पहुंचा, जिसकी आहट पाकर ब्लैकी चौकन्नी हो गई। सांपों को परिवार के सदस्यों की तरफ बढ़ता देख ब्लैकी उन पर टूट पड़ी। सांपों की फुंफकार और ब्लैकी के उछल कूद से राजेश और उनके परिवार के सदस्यों की नींद खुल गई। लोगों ने देखा तो ब्लैकी ने एक सांप को तब तक मार दिया था जबकि दूसरा भाग गया। घटना के बाद सब लोग फिर सो गए। सोमवार को सुबह नींद खुलने पर ब्लैकी घर में नहीं दिखी तो परिवार के लोग उसकी तलाश करने लगे। खोजबीन में वह खेत में मरी मिली। वहीं, दोपहर में फिर राजेश के घर एक सांप पहुंचा। चिकित्सक की बेटी राशू ने सांप को देखा तो चिल्लाने लगी। घर के सारे लोग जुट गए। कुछ देर बाद जौनपुर के मुफ्तीगंज से एक सपेरे को बुलाया गया, जिसने सांप को पकड़ लिया, तब लोगों ने राहत की सांस ली। गांव में दिनभर ब्लैकी की वफादारी की चर्चाएं होती रहीं।