कमिश्नरी सभागार में सचिव पर्यटन मंत्रालय वी. विद्यावती की अध्यक्षता में हुई बैठक में पर्यटन मंत्रालय की ओर से वाराणसी में चिह्नित 18 पर्यटन स्थलों को ग्लोबल डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने पर चर्चा हुई। बैठक में मंडलायुक्त ने 18 पर्यटन स्थलों पर अब तक किए गए कार्यों का प्रेजेंटेशन दिया।
मंडलायुक्त ने बताया कि 18 पर्यटन स्थलों को जोड़ने वाले मार्गों पर साफ-सफाई की उच्चतम व्यवस्था शिफ्टवाइज सफाईकर्मियों की ड्यूटी लगा कर कराई जा रही है। प्रमुख पर्यटन मार्गों पर केबल और बिजली के तारों के फैले जाल-जंजाल को हटा दिया गया है, उन्हें सुव्यवस्थित कर दिया गया है। पर्यटकों की सुविधा के लिए हेरिटेज साइनेज के डिजाइन तैयार कर लिए गए हैं। काशी में नए नौ वाॅकिंग टूर्स और आठ नई टूरिस्ट आइटनरी तैयार कर ली गई है। 231 नाविकों और 318 टैक्सी चालकों को ट्रेनिंग दी जा चुकी है। बैठक में डीएम सत्येंद्र कुमार, नगर आयुक्त अक्षत वर्मा, सीडीओ हिमांशु नागपाल, एडीएम प्रशासन विपिन कुमार, एडीएम एफआर वंदिता श्रीवास्तव, संयुक्त निदेशक पर्यटन दिनेश सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।