100 नंबर पर आने वाली चोरी, मारपीट और अन्य गंभीर मामलों की शिकायत की एफआईआर न दर्ज करने पर 18 थानेदारों को एसएसपी ने नोटिस जारी किया है।
स्पष्टीकरण तलब करते हुए थानेदारों से पूछा है कि क्यों न एक दिन की तनख्वाह काटी जाए और विभागीय दंड मुकर्रर किया जाए। नोटिस से थानेदारों में हड़कंप मचा हुआ है।
वहीं आदमपुर, चौक, दशाश्वमेध, लक्सा, लोहता और चौबेपुर के थानेदारों की कार्यप्रणाली ठीक पाई गई है।
एसएसपी नितिन तिवारी ने बताया कि 100 नंबर पर आने वाली गंभीर शिकायत के संबंध में थानेदारों को मुकदमा दर्ज करने का निर्देश है।
इसकी मॉनीटरिंग कर रहे यूपी 100 के जिले के नोडल अधिकारी एसपी (ग्रामीण) आशीष तिवारी की रिपोर्ट के अनुसार एक हफ्ते में गंभीर शिकायतों पर 18 थानेदारों ने कार्रवाई नहीं की।
इसके तहत लंका थाने में पांच, भेलूपुर में तीन, मंडुवाडीह में पांच, कैंट में पांच, शिवपुर में पांच, सारनाथ में चार, रामनगर में एक, कोतवाली में दो, सिगरा में एक, चेतगंज में तीन, जैतपुरा में पांच, रोहनिया में दो, मिर्जामुराद में दो, कपसेठी में दो, जंसा में दो, फूलपुर में तीन, बड़ागांव में दो और चोलापुर में दो गंभीर मामलोें की शिकायतोें पर एफआईआर नहीं दर्ज की गई।
एसएसपी ने बताया कि जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।