वाराणसी। बीएचयू में शिक्षकों के प्रमोशन का बंद लिफाफा एक मार्च को होने वाली एक्जीक्यूटिव काउंसिल (ईसी) की बैठक में खुलेगा। दिल्ली में होने वाली इस बैठक में लिफाफा खुलने के बाद एसोसिएट प्रोफेेसर से लेकर प्रोफेसर पद के करीब 150 शिक्षकों का प्रमोशन लगभग तय माना जा रहा है। इसमें आईएमएस के करीब 100 शिक्षक शामिल हैं। इसके अलावा सर सुंदरलाल अस्पताल समेत विश्वविद्यालय की प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर भी कुछ अहम फैसले हो सकते हैं।
विश्वविद्यालय में लंबे समय बाद एक साथ इतने बडे़े पदों पर शिक्षकों का प्रमोशन हो रहा है। इसमें जुलाई 2018 में कार्यकारिणी परिषद की बैठक में प्रमोशन के प्रस्ताव पर मुहर के बाद पिछले महीने असिस्टेंट प्रोफेसर से एसोसिएट प्रोफेसर और एसोसिएट प्रोफेसर से प्रोफेसर पद पर साक्षात्कार हो चुका है। आईएमएस के ही 100 शिक्षक ऐसे हैं, जो करीब दो साल से प्रमोशन का इंतजार कर रहे थे। बीस तो ऐसे शिक्षक हैं जो प्रोफेसर बनेंगे। इधर विश्वविद्यालय में बैठक की तैयारियां चल रही हैं। सूत्रों की माने तो प्रमोशन के अलावा सर सुंदरलाल अस्पताल में चिकित्सा अधीक्षक और आईएमएस निदेशक के पद पर तैनाती का मामला भी बैठक में रखा जा सकता है। इस बारे में कुलपति प्रो. राकेश भटनागर ने बैठक में शिक्षकों के प्रमोशन का लिफाफा खोले जाने की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।