ज्ञानपुर/चौरी (भदोही)। रोटहां में विस्फोट स्थल से मिली एल्युमीनियम की एक वस्तु रविवार को दिन भर चर्चा में रही। कोई उसे हैंडग्रेनेड कह रहा था तो कोई आरडीएक्स से जुड़ा उपकरण बता रहा था। हालांकि पुलिस अधिकारी इससे इनकार कर रहे हैं। उनका कहना है कि जांच के बाद ही कुछ स्पष्ट होगा। एसपी ने अफवाहों से सावधान रहने की अपील की है।
रोटहां के रणजीत सोनकर ने बताया कि घटनास्थल पर एल्युमीनियम की एक वस्तु देखी थी, जिसे पुलिस ने अपने वाहन में रखवा दिया और किसी को देखने नहीं दिया। इसे लेकर सोशल मीडिया में भी एक वीडियो भी वायरल हुआ है। उधर, विस्फोट के बाद इसमें ग्रेनेड और आरडीएक्स होने की अफवाह से ग्रामीण सहमे हुए हैं। लोगों ने बताया कि इरफान पटाखे का बड़ा काम करता था। शादी, विवाह, दीपावली से लेकर विसर्जन जुलूस तक के लिए बड़ी मात्रा पटाखे उसी की दुकान से खरीदे जाते थे। वह 10 वर्षों से पटाखों का कारोबार कर रहा था, लेकिन पुलिस ने इसके खिलाफ कभी कोई कार्रवाई नहीं की। पुलिस अधीक्षक राजेश एस ने वायरल वीडियो के दावे को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि जो वस्तु मिली है वह हैंडग्रेनेड नहीं है। फोरेंसिक टीम ने भी इसे पटाखा विस्फोट बताया है। बरामद सामग्रियों के परीक्षण के बाद ही विस्फोट के कारणों की सही जानकारी मिल पाएगी। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक यहां पटाखे बनाए जाते थे। उन्होंने लोगों को अफवाहों से सावधान रहने की अपील की है।