वाराणसी। हज पर जाने वाले जायरीनों के लिए प्रधानमंत्री की पहल पर सऊदी हुकूमत ने हिंदुस्तान का हज कोटा बढ़ा कर दो लाख कर दिया है। बढ़े हुए कोटे को हज कमेटी ऑफ इंडिया को देने की मांग की गई है जिससे कि अधिक से अधिक जायरीनों को हजयात्रा का मौका मिल सके। सीटें बढ़ने से इस साल की हज यात्रा में दो लाख हज जायरीन शामिल हो सकेंगे। इसके पहले यह आंकड़ा पौने दो लाख था।
सेंट्रल हज कमेटी के सदस्य डॉ. जावेद ने बताया कि तीन साल के अंदर हज का कोटा तीन बार बढ़ते हुए दो लाख तक पहुंचना अब तक की सबसे बड़ी बढ़ोत्तरी है। 2017 में 34,000, 2018 में 5,000 और अब 2019 में 25,000 सीटें बढ़ना मोदी सरकार की बड़ी कूटनीतिक सफलता का नतीजा है। डॉ. जावेद ने प्रधानमंत्री और हज मंत्री को पत्र लिख कर मांग की है कि बढ़ी हुई 25,000 सीटें हज कमेटी ऑफ इंडिया को दिया जाए जिससे प्रतीक्षा सूची में रुके हुए अधिक से अधिक हज जायरीन को हज का मुक़द्दस सफर नसीब हो सके।