वाराणसी। कैंट थाना अंतर्गत फुलवरिया स्थित कोइलहवा जंगल में मंगलवार की शाम स्नातक के छात्र अमित यादव (20) को बदमाशों ने गोली मार दी। उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई गई है। अमित के अनुसार शराब के नशे में धुत दो लोगोें ने उससे मोबाइल मांगा लेकिन उसने नहीं दिया। इससे गुस्सा कर उन लोगों ने उसे गोली मार दी और भाग निकले। वहीं, जान बचाने के लिए वो वरुणा में कूद गया। हालांकि स्थानीय लोगों के अनुसार कोइलहवा जंगल में बड़े पैमाने पर जुआ खेला जाता है। आशंका है कि जुआ खेलने के दौरान हुए विवाद में छात्र को गोली मारी गई है।
गाजीपुर जिले के बउरी के मूल निवासी धर्मेंद्र यादव सेना में बीकानेर में तैनात हैं और उनका परिवार फुलवरिया क्षेत्र की डिफेंस कॉलोनी में रहता है। धर्मेंद्र और उनकी पत्नी कुंभ स्नान के लिए प्रयागराज गए हुए हैं। अमित के अनुसार वो मंगलवार की दोपहर एक बजे घर से निकला और कोइलहवा जंगल की ओर गया था। इसी दौरान नशे में धुत दो लोगों ने मोबाइल न देने पर पेट में बाएं तरफ गोली मार दी। इस संबंध में इंस्पेक्टर ने बताया कि अमित वारदात के संबंध में गोलमोल बातें कर रहा है। अमित गोली मारने वालों को जानता है लेकिन वो बता नहीं रहा। वारदात की वजह और गोली मारने वालों का पता लगाया जा रहा है।