वाराणसी। भदोही में हुए स्कूल वैन हादसे में झुलसे स्कूली बच्चों का कुशल क्षेम जानने समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल बुधवार को बीएचयू ट्रामा सेंटर पहुंचे। यहां उन्होंने पार्टी की ओर से घायलों को पांच-पांच हजार रुपये की सहायता राशि भी प्रदान की। उन्होंने सभी बच्चों और उनके परिजनों से मुलाकात की और कुशल क्षेम पूछा।
बीएचयू ट्रामा सेंटर के बाहर पत्रकारों से अनौपचारिक वार्ता में कहा कि हमारे नेता अखिलेश यादव के संपर्क में बहुत से एमपी एमएलए हैं। जिसमें भाजपा के भी कई नेता हैं। उन्होंने कहा कि गठबंधन से कई लोगों की नींद उड़ गई है। भदोही की घटना प्रदेश सरकार के माथे का कलंक है। झुलसे बच्चों को सरकार की ओर से मदद नहीं की जा रही है। नरेश उत्तम ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कई मर्तबा कह चुके हैं कि प्रदेश के अस्पतालों के हाल बहुत खराब हैं, लेकिन उनकी भी सुनवाई नहीं हो रही है। लापरवाही निश्चित रूप से स्कूल प्रबंधन की है। गठबंधन पर भाजपा की ओर से दिए जा रहे बयान पर कहा, यह सामंती मानसिकता का प्रतीक है कि गरीब, दलित, पिछड़े, शोषित इकट्ठे होते हैं तो उन्हें सांप -बिच्छू और कीड़े- मकौड़े नज़र आते हैं। केंद्र सरकार 45 दलों के गठबंधन से बनी है और प्रदेश में आधा दर्जन से अधिक दलों का समर्थन उसने लिया है। अभी सिर्फ दो दलों को मिलकर गठबंधन बनाया है और उसकी नींद उड़ गई है। इस दौरान जिलाध्यक्ष डॉ. पीयूष यादव, महानगर अध्यक्ष राजकुमार जायसवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।