वाराणसी। मंडुवाडीह थाना अंतर्गत कंचनपुर स्थित अमरदीप की आभूषण की दुकान में सेंध काट कर मंगलवार की रात चोर लाखों के जेवर चुरा ले गए। भुक्तभोगी व्यापारी की सूचना पर बुधवार को पहुंची पुलिस महज मौका मुआयना की कार्रवाई तक सीमित रही।
भिखारीपुर-चितईपुर मार्ग पर कंचनपुर में मां वैष्णो नगर कॉलोनी निवासी अमरदीप की आभूषण की दुकान है। अमरदीप ने बताया कि वो मंगलवार की शाम साढ़े सात बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। बुधवार की सुबह पड़ोसियों ने कॉल कर बताया कि दुकान की दक्षिणी दीवार में सेंध काटी गई है। पड़ोसियों की कॉल पर अमरदीप पुलिस को सूचना देते हुए दुकान पहुंचे। अमरदीप ने बताया कि शोकेस और लॉकर में रखे लगभग 40 लाख रुपये के तैयार और अर्ध निर्मित जेवर चोर चुरा ले गए हैं। इसके साथ ही दुकान में लगे सीसी कैमरे का डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (डीवीआर) भी चोर उठा ले गए। पुलिस के साथ फोरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड की टीम मौका मुआयना करने पहुंची लेकिन चोरों का सुराग नहीं लगा। घटना को लेकर भुक्तभोगी व्यापारी के साथ ही इलाकाई लोगों का कहना था कि पुलिस यदि रात्रिकालीन गश्त के प्रति गंभीर रहती तो ऐसी घटनाएं नहीं होती।