वाराणसी। दरभंगा स्थित एलएन मिथिला यूनिवर्सिटी में आयोजित 34वें पूर्वी क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालयीय युवा महोत्सव में बीएचयू की टीम ने हर क्षेत्र में बेहतरीन प्रदर्शन कर अपना परचम लहराया। सर्वाधिक 55 अंक पाकर विश्वविद्यालय की टीम ने ओवर आल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ ही बीएचयू की टीम फरवरी में चडीगढ़ में होने वाले राष्ट्रीय युवा महोत्सव में जगह बनाने में सफल हो गई है। दूसरे नंबर पर गुवाहाटी और तीसरे नंबर पर केंद्रीय विद्यालय रांची की टीम रही।
मिथिला यूनिवर्सिटी में तीन से सात जनवरी तक हुए महोत्सव में कला, साहित्य, सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में बीएचयू, गुवाहाटी, रांची समेत दस विश्वविद्यालयों की टीम ने प्रतिभाग किया। इसमें विश्वविद्यालय के प्रतिभागियों ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर छह प्रतियोगिताओं रंगोली, कोलाज, कार्टूनिंग, पेंटिंग, एकल गायन, शास्त्रीय नृत्य में पहले नंबर पर रही। जबकि समूह गान तबला वादन, लोक नृत्य, बांसुरी वादन प्रतियोगिता में दूसरा स्थान मिला। संगीत एवं मंच कला संकाय के डॉ. इंद्रदेव चौधरी के नेतृत्व में गई टीम ने अपने प्रदर्शन से ओवर आल चैंपियन ट्राफी पर कब्जा जमाया। अंतिम दिन प्रतिभागियाें को स्मृति चिन्ह, प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया गया। टीम मंगलवार को विश्वविद्यालय आएगी। छात्र अधिष्ठाता प्रो. एमके सिंह ने टीम को बधाई देते हुए बताया कि अब विश्वविद्यालय की टीम एक से पांच फरवरी तक चंडीगढ़ विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय युवा महोत्सव में प्रतिभाग करेगी।