वाराणसी। काशी विश्वनाथ मंदिर-ज्ञानवापी मस्जिद परिसर की हाई पॉवर कमेटी की बैठक में एडीजी (सुरक्षा) विजय कुमार ने कहा कि विश्वनाथ मंदिर परिक्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था में मौजूदा समय में सात कंपनी पीएसी के जवान तैनात रहते हैं। ये जवान पीएसी की अलग-अलग बटालियन से आते हैं। कहा कि मंदिर परिक्षेत्र में तैनात होने वाली पीएसी की जल्द ही एक नई बटालियन बनाई जाएगी। इसके बाद बटालियन में जनशक्ति के साथ ही अन्य संसाधनों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
एडीजी (सुरक्षा) ने कहा कि काशी विश्वनाथ परिक्षेत्र के येलो जोन में होने वाले निर्माण पर खुफिया इकाइयों की पैनी निगाह हो। खुफिया इकाइयां निर्माण की जानकारी होते ही वीडीए को सूचित करें। यदि वीडीए अनुमति दे तभी निर्माण होने दिया जाए। बता दें कि बीते दिनों एसएसपी ने दालमंडी में छापामारी कर लंबे पैमाने पर हुए भूमिगत अवैध निर्माण के खेल को उजागर किया था। वहीं, विश्वनाथ मंदिर के गर्भ गृह में धोती-कुर्ता पहन कर पुलिसकर्मियों के ड्यूटी करने को एडीजी (सुरक्षा) ने अच्छी पहल बताया। कहा कि एसएसपी वाराणसी का यह सार्थक प्रयास है। इससे देश और दुनिया के श्रद्धालुओं के सामने यूपी पुलिस की अच्छी छवि प्रस्तुत हो रही है। बैठक में एसएसपी राम कृष्ण भारद्वाज, एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह, एसपी सुरक्षा शैलेंद्र कुमार राय सहित पुलिस-प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।