ज्ञानपुर। यूपी बार काउंसिल के सदस्य पद के चुनाव लिए मंगलवार को गहमागहमी के बीच मतदान शुरू हुआ। दीवानी न्यायालय परिसर में बनाए गए मतदान केंद्र पर सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक 438 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। बुधवार को भी मतदान की प्रकिया चलेगी।
दीवानी न्यायालय परिसर के डिबाए हॉल में मतदान के लिए दो बूथों पर सुबह 10 बजे से मतदान शुरू हुआ। जैसे-जैसे समय बढ़ा अधिवक्ताओं की संख्या केंद्र पर बढ़ती गई। आवभगत के बीच पहले दिन 1264 अधिवक्ताओं में से 438 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पहले बूथ पर 272 और दूसरे बूथ पर 166 वोट डाले गए। औराई और भदोही तहसील के अधिवक्ता भी मतदान के लिए ज्ञानपुर पहुंचे। प्रतिष्ठापरक चुनाव में दिग्गज अधिवक्ता और छात्रसंघ के पदाधिकारी भी जमे रहे। पीठासीन अधिकारी राकेश यादव साथ में सहयोगी रमाशंकर यादव, कृष्ण मुरारी यादव, विकास नारायण सिंह, सुधाकर पांडेय, देवेंद्रमणि त्रिपाठी, डिबाए अध्यक्ष अश्वनी मिश्र, महामंत्री विमलेश यादव मतदान की निगरानी करते रहे। इस मौके पर भाजपा नेता राकेश दूबे, कांग्रेस नेता राजेंद्र दूबे, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सुरेश प्रकाश तिवारी, आशुतोष पांडेय आदि मौजूद रहे। पीठासीन अधिकारी ने बताया कि जिन अधिवक्ताओं ने पहले दिन मतदान में हिस्सा नहीं लिया, वे बुधवार को वोट डाल सकेंगे।