वाराणसी। मौसम में अचानक आया बदलाव आपके स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकता है। पिछले दस दिनों से न केवल शहर बल्कि ग्रामीण इलाकों में पहले की तुलना में मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ा है। जगह-जगह गंदगी होने और फॉगिंग न कराए जाने से मुश्किलें बढ़ गई हैं। डेंगू और मलेरिया के बढ़ते खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य महकमे ने भी तैयारी शुरू कर दी है। मंडलीय अस्पताल की इमरजेंसी में संक्रामक बीमारियों से पीडि़तों के समुचित इलाज के लिए दस बेड का अलग वार्ड बना दिया गया है।
शहर में जगह-जगह गंदगी, सीवेज और जलभराव से मार्च के पहले हफ्ते में ही मच्छरों की भरमार ने सांसत कर दी है। नगर निगम की ओर से समुचित साफ-सफाई और फागिंग का न कराए जाने से लोग परेशान हैं। चिकित्सकों के मुताबिक मौसम में बदलाव के मद्देनजर स्वास्थ्य के प्रति विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। ऐसे मौसम में डेंगू और मलेरिया का खतरा अधिक रहता है। सीएमओ डॉ. वीबी सिंह ने बताया कि अस्पतालों में संक्रामक वार्ड बनाने सहित अन्य व्यवस्थाएं शुरू कर दी गई हैं। मंडलीय अस्पताल के वार्ड नंबर तीन में वेक्टर जनित रोग वार्ड बनाया गया है।