भदोही। होली पर्व पर शांतिपूर्ण माहौल और सौहार्द बनाए रखने के लिए सोमवार की शाम डीएम विशाख जी और पुलिस अधीक्षक सचिंद्र पटेल ने कोतवाली में संभ्रांत लोगों के साथ बैठक की। डीएम ने कहा कि होली खुशियों का पर्व है। आपसी कटुता भुलाकर सौहार्द पूर्वक पर्व की खुशियां बांटें।
डीएम ने कहा शासन से डीजे पर रोक लगी है। इसका सख्ती से पालन कराया जाएगा। बताया कि साउंड बाक्स का इस्तेमाल हो सकता है, लेकिन ध्यान रहे कि आवाज संतुलित हो। उन्होंने कहा कि किसी भी शहर की तरक्की वहां के शांतिपूर्ण वातावरण से तय होता है। होली मेलजोल का त्योहार है। वर्षों से जो परंपरा आप लोग अपनाते आए हैं, उसका पालन करें और सहयोग दें।
पुलिस अधीक्षक सचिंद्र पटेल ने कहा हम शांतिपूर्ण होली मनाने के लिए हर तरह से व्यवस्था कर रहे हैं। बिजली-पानी, साफ-सफाई की समस्याओं को दूर करने के लिए संबंधित आधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं। प्रशासन अराजकता बर्दाश्त नहीं करेगा और ऐसे लोगों से सख्ती से निपटेगी। उन्होंने होलिका दहन में कोतवाली क्षेत्र के सभी ग्रामीण चौकीदारों, पुलिस प्रशासन और विद्युत विभाग को सतर्क करते हुए किसी अप्रिय घटना से सजग रहने का निर्देश दिया।
संचालन एसडीएम एडीएम सुनील कुमार ने की। अपर जिलाधिकारी संजय कुमार, सीओ अभिषेक पांडेय व पवन कुमार, ज्ञानपुर एसडीएम आशीष कुमार ने भी संबोधित किया। मुख्य रूप से मिठाई लाल दूबे, पालिकाध्यक्ष अशोक जायसवाल, नगर पंचायत नईबाजार चेयरमैन विजय सोनकर, रामजी दूबे, ओम सिंह, शिवशंकर सिंह, भगवान सिंह, डीएम सिंह, करुणा शंकर दूबे, गुलाम संजरी, अख्तर खां, गिरधारी जायसवाल, अशोक पाल, सफीक राईन आदि उपस्थित रहे।